मुजफ्फरनगर निवासी अजहर त्यागी ने पार्टी से लौट रहे पूर्व मंडल अध्यक्ष को डीबीआईटी चौक पर मारी गोली, प्रेम प्रसंग और ईर्ष्या बना हत्या का कारण
लेट नाइट पार्टी के बाद हत्या की वारदात
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी में बीती रात राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैला देने वाला मामला सामने आया है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी (32 वर्ष) की डीबीआईटी चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी अजहर त्यागी, मुजफ्फरनगर निवासी बताया जा रहा है, जिसने प्रेमिका के साथ पार्टी करते देख कर यह खौफनाक कदम उठाया।
फोन कॉल पर हुआ विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक घटना उस समय हुई जब रोहित नेगी अपने कुछ दोस्तों के साथ देर रात बड़ोवाल में पार्टी कर रहे थे। पार्टी में उनके साथ आयुष, अभिषेक बर्तवाल, पीयूष बिष्ट, निशांत खर्कवाल, और आयुष की महिला मित्र आन्या खान सहित अन्य लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें: नैनीताल में फर्जी आधार कार्ड बनाने का मामला उजागर, पुलिस ने शुरू की जांच।
इसी दौरान आन्या खान के पूर्व प्रेमी अजहर त्यागी ने उसे कॉल कर अपशब्द कहे और रोहित नेगी को लेकर नाराजगी जताई। कॉल स्पीकर पर था, जिसे सबने सुना। रोहित नेगी ने भी फोन पर प्रतिक्रिया देते हुए अजहर को डीबीआईटी चौक पर मिलने की चुनौती दे दी।
बाइक सवार हमलावर ने चलाया गोली, गर्दन में लगी गोली
रात लगभग डेढ़ बजे जब सभी दोस्त बोलेरो और अमेज गाड़ियों से घर की ओर लौट रहे थे, उसी दौरान डीबीआईटी चौक पर अजहर और उसका साथी बाइक पर पहुंचे। जैसे ही रोहित नेगी ने गाड़ी मोड़ी, अजहर ने सामने से गोली चला दी, जो सीधे गर्दन में जा लगी। गंभीर हालत में रोहित को ग्राफिक एरा अस्पताल झाझरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने किया हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभिषेक बर्तवाल की तहरीर पर अजहर त्यागी व उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड में लोक कलाकारों को मिलेगा दुर्घटना बीमा, कलाकारों के विरोध पर लिया संज्ञान।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रहे रोहित नेगी की हत्या से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।