कांवड़ यात्रा से पहले सीएम धामी सख्त: उपद्रव व तोड़फोड़ पर कड़ी निगरानी, परिवहन निगम की दिल्ली जाने वाली बसों के मार्ग परिवर्तित।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश – कांवड़ मार्गों पर शराब, मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा के होंगे विशेष इंतजाम

हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रा मार्गों पर तोड़फोड़ और उपद्रव की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को व्यापक प्रचार अभियान चलाकर कांवड़ियों को लाठी, डंडे और नुकीली वस्तुएं ले जाने से रोकने के निर्देश दिए हैं।

मादक पदार्थ, मांस और शराब की बिक्री पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर शराब, मांस और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। संबंधित प्रशासन को इसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: आपदा प्रबंधन के लिए उत्तराखंड भेजेगा विशेषज्ञ दल हिमाचल, अतिवृष्टि से निपटने की तैयारी।

यात्रा मार्ग पर शिविर संचालकों, स्वयंसेवकों, होटलों और धर्मशालाओं में ठहरने वाले सभी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया है। मुख्यमंत्री ने आतंकवादी खतरे को ध्यान में रखते हुए ATS और विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए हाईटेक इंतजाम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाई जाए। सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए। प्रमुख स्थलों पर अग्निशमन यंत्र, फायर टेंडर, एक्स-रे सिस्टम और पर्याप्त कर्मियों की तैनाती के भी निर्देश दिए गए हैं।

महिला कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने महिला घाटों और धर्मशालाओं में विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा में कोई कोताही न बरती जाए।

परिवहन व्यवस्था में होगा बदलाव

11 जुलाई से कांवड़ यात्रा की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड परिवहन निगम की दिल्ली जाने वाली बसों के मार्ग परिवर्तित कर दिए जाएंगे। अब ये बसें मुजफ्फरनगर-मेरठ मार्ग के बजाय शामली-बड़ौत-बागपत होकर दिल्ली जाएंगी। आवश्यकतानुसार सहारनपुर एक्सप्रेस-वे मार्ग भी विकल्प के रूप में रखा गया है।

डीजे, लाउडस्पीकर पर नियम अनुसार नियंत्रण

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों, डीजे और लाउडस्पीकर का प्रयोग केवल नियमों के अनुसार ही हो। इसके अलावा कांवड़ियों को “क्या करें और क्या न करें” की जानकारी विभिन्न माध्यमों से दी जाएगी, ताकि यात्रा शांति और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।

इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड में भू-कानून उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, राजा भैया समेत कई की जमीन जब्त।

मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त नजर रखने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। सोशल मीडिया पर निगरानी रखने हेतु साइबर सेल को सतर्क किया गया है।

Related posts

Leave a Comment