उत्तर प्रदेश सीमा पर पुलिस की घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़, दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली; AIIMS में भर्ती
भाजपा नेता की हत्या के बाद पुलिस पर था दबाव
देहरादून: सेलाकुई क्षेत्र में सोमवार देर रात भाजपा नेता रोहित नेगी की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजहर त्यागी और उसके साथी आयुष उर्फ सिकंदर को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुरुवार देर रात उत्तर प्रदेश की सीमा पर पुरकाजी इलाके में की गई।
घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर की गोलीबारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या के दोनों आरोपी उत्तराखंड-यूपी सीमा के पास हैं। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी।
- अजहर त्यागी (मुजफ्फरनगर) को दोनों पैरों और एक हाथ में गोली लगी।
- आयुष उर्फ सिकंदर (शामली) को दोनों घुटनों में गोली लगी। दोनों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
इसे भी पढ़ें: चमोली थराली पुल हादसा: निर्माणाधीन पुल गिरा, तीन PWD इंजीनियर सस्पेंड, ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज।
पार्टी में विवाद, बना था हत्या की वजह
हत्या की शुरुआत एक पार्टी से हुई जिसमें रोहित नेगी, उसका दोस्त अभिषेक, निशांत, पीयूष, आयुष, आयुष की महिला मित्र आन्या खान और तरुण मौजूद थे। पार्टी के दौरान आन्या को फोन कर अजहर त्यागी ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसे स्पीकर पर सबने सुना। रोहित ने इसका विरोध किया और फोन पर ही अजहर से कारण पूछा। अजहर ने रोहित को “देख लेने” की धमकी दी।
घात लगाकर रोहित पर की गोलीबारी
रात करीब डेढ़ बजे सभी पार्टी से लौट रहे थे। डीबीआईटी चौक पर अजहर और उसका साथी बाइक पर पहले से मौजूद थे। रोहित जैसे ही अपनी गाड़ी में बैठा, अजहर ने आगे के शीशे से पिस्टल सटाकर रोहित के गले में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। रोहित की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री का सख्त संदेश: अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा की;
“अपराधी कोई भी हो, उसका अंजाम यही होगा। देवभूमि को कलंकित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस की तत्परता से कातिल गिरफ्त में
हत्या के बाद क्षेत्र में भारी जनाक्रोश देखने को मिला। जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के दबाव के चलते पुलिस ने 5 टीमें बनाकर नोएडा, मुजफ्फरनगर, शामली और मंगलौर में सर्च अभियान चलाया। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के कारण मात्र 3 दिनों में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
इसे भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड के साथ पार्टी करते देख भड़का प्रेमी, भाजपा नेता रोहित नेगी की गोली मारकर हत्या।
रोहित नेगी हत्याकांड ने उत्तराखंड में अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्ती और तत्परता का उदाहरण पेश किया है। अपराधी अब किसी भी कीमत पर कानून से बच नहीं पाएंगे, यह संदेश पूरे प्रदेश में स्पष्ट रूप से दिया गया है।