सीएम धामी ने किया जमरानी बांध का हवाई सर्वेक्षण, सौंग बांध के लिए भी तय की समय सीमा।

2029 तक पूरा होगा जमरानी बांध, 2030 से पहले सौंग बांध से देहरादून को मिलेगा स्थायी पेयजल समाधान

मुख्य संवाददाता, देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जमरानी बांध बहुद्देशीय परियोजना और सौंग बांध पेयजल परियोजना की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने इन परियोजनाओं की समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को तय डेडलाइन से पहले कार्य पूर्ण करने को कहा।

जमरानी बांध परियोजना: 3808 करोड़ की बहुउद्देशीय योजना

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल गुरमीत सिंह के साथ जमरानी बांध का हवाई निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। यह परियोजना लगभग ₹3808 करोड़ की लागत से तैयार की जा रही है। इसमें 150.6 मीटर ऊंचा बांध, 42.92 किमी लंबी नहर का पुनर्निर्माण और 21.25 किमी लंबी नई नहर का निर्माण शामिल है।

इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ सख्त अभियान: मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश, एसएसपी एसटीएफ को मिली खुली छूट।

परियोजना की विशेषताएं:

  1. लक्ष्य पूर्णता तिथि: जून 2029
  2. पेयजल उपलब्धता: 117 एमएलडी।
  3. लाभार्थी जनसंख्या: लगभग 10.50 लाख।
  4. सिंचाई क्षमता: 57,000 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र।
  5. पर्यटन संभावना: 9 किमी लंबी झील को टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।

सौंग बांध पेयजल परियोजना: देहरादून के लिए स्थायी समाधान

लगभग ₹2492 करोड़ की लागत वाली सौंग बांध परियोजना देहरादून और इसके उपनगरीय क्षेत्रों के लिए पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करेगी। इसमें 130.6 मीटर ऊंचा बांध, 14.70 किमी लंबी जल वहन प्रणाली, 85 किमी जल वितरण नेटवर्क और 150 एमएलडी जल शोधन संयंत्र शामिल हैं।

परियोजना की प्रमुख बातें:

  1. निर्धारित समय सीमा: मार्च 2030 से पहले।
  2. लाभार्थी जनसंख्या: वर्ष 2053 तक अनुमानित 10.65 लाख।
  3. जल आपूर्ति: 150 एमएलडी ग्रेविटी आधारित।
  4. पर्यटन विकास: 3.5 किमी लंबी झील को नया पर्यटन स्थल बनाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड के 135 माध्यमिक विद्यालयों में होगी विशेष शिक्षकों की भर्ती, कैबिनेट से सेवा नियमावली को मंजूरी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों परियोजनाएं राज्य के भविष्य की जल आवश्यकताओं और पर्यटन विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चरणबद्ध तरीके से कार्यों को गति देने और समय से पहले परियोजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

Related posts

Leave a Comment