मुख्यमंत्री बोले – आप मात्र चिकित्सक नहीं, देवभूमि के आरोग्य प्रहरी हैं
देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में आयोजित उत्तराखण्ड चिकित्सा स्वास्थ्य सशक्तिकरण अभियान में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चयनित 220 नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षण उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि “आप केवल डॉक्टर नहीं बल्कि देवभूमि के आरोग्य प्रहरी हैं।” अब आप सभी को प्रदेश की चिकित्सा को और अधिक जनसुलभ बनाने तथा नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
इसे भी पढ़ें: पौड़ी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भूवैज्ञानिक निरीक्षण, अतिवृष्टि से पहाड़ी ढालों पर भारी क्षति।
11 लाख से अधिक मरीजों को कैशलेस इलाज का लाभ
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के 11 लाख से अधिक मरीजों को अब तक ₹21 करोड़ से अधिक की कैशलेस इलाज सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। श्रीनगर में कार्डियो व न्यूरोलॉजी और हल्द्वानी में कैंसर से संबंधित विशेष चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में हेली सेवा जीवनदायिनी साबित हो रही है। हाल ही में धराली आपदा के दौरान इसका उदाहरण देखने को मिला।
स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य केंद्रों का आधुनिकीकरण, पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति और टेलीमेडिसिन के विस्तार से उत्तराखण्ड की स्वास्थ्य सेवाओं को नया आयाम मिला है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक जनपद में एक-एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करना है, ताकि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें।
विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखण्ड की अहम भूमिका
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब उत्तराखण्ड और यहां का समाज हर क्षेत्र में प्रगति करेगा।
इसे भी पढ़ें: जन्माष्टमी महोत्सव: नत्थनपुर में श्रीकृष्ण जन्म उत्सव पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियों की धूम।
मुख्य सेवक सदन में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विधायक श्री खजान दास, श्री राजकुमार पोरी, श्रीमती सरिता कपूर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राज्य स्तरीय उपाध्यक्ष श्री सुरेश भट्ट, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य श्रीमती सुनीता टम्टा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक व अधिकारी उपस्थित रहे।