सेवा विस्तार के बदले मांगी थी 90 हजार की रिश्वत, विजिलेंस टीम ने बिछाया ट्रैप
बागेश्वर: जिले के सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुबोध शुक्ला (सेवानिवृत्त) को विजिलेंस टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कर्नल शुक्ला पर आरोप है कि उन्होंने उपनल (UPNL) के माध्यम से नियुक्त एक सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी से सेवा विस्तार के बदले 90 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
इसे भी पढ़ें: खेल विभाग का स्पष्ट बयान: उत्तराखण्ड के स्टेडियमों के नाम नहीं बदले गए, केवल खेल परिसरों को नए नाम दिए गए।
सेवा विस्तार के बदले रिश्वत की डील
शिकायतकर्ता ने बागेश्वर विजिलेंस अधिष्ठान में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनका अनुबंध 11 महीने का था और इसे आगे बढ़ाने के लिए अधिकारी ने रिश्वत की मांग की। इसके बाद विजिलेंस हल्द्वानी सेक्टर के सीओ अनिल सिंह मनराल के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
शिकायतकर्ता और आरोपी अधिकारी के बीच 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। तय योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता शनिवार को बागेश्वर सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में उक्त राशि लेकर पहुंचा। इसी दौरान विजिलेंस टीम ने कर्नल सुबोध शुक्ला को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत कर्नल शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी मूल रूप से मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बांधीगढ़ के निवासी हैं और वर्तमान में बागेश्वर में तैनात थे।
इसे भी पढ़ें: रुड़की में न्यायालय अपर तहसीलदार का पेशकार, ₹10,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
इस सफल कार्रवाई पर विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम की सराहना करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।