मुख्यमंत्री के निर्देश पर “ऑपरेशन कालनेमि” की बड़ी सफलता
देवभूमि में ढोंगियों का पर्दाफाश, तीसरे दिन 34 फर्जी साधु गिरफ्तार
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में चल रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत दून पुलिस ने तीसरे दिन 34 फर्जी साधुओं को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। ये सभी लोग साधु-संतों का भेष धारण कर आस्था के नाम पर ठगी कर रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि इनमें से 23 आरोपी अन्य राज्यों से आए थे और 11 स्थानीय स्तर पर सक्रिय थे।
महिलाओं को वशीकरण और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर की जा रही थी ठगी
पुलिस के अनुसार, ये ढोंगी बाबा तांत्रिक, ज्योतिषी या साधु बनकर महिलाओं और युवाओं को डराते, और उनके समस्याओं के समाधान के नाम पर ठगी करते थे। कई मामलों में मानसिक और सामाजिक शोषण की भी शिकायतें मिली हैं। यह अभियान एसएसपी देहरादून की निगरानी में सख्ती से चलाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: लंदन में बड़ा विमान हादसा: टेकऑफ के तुरंत बाद हुआ क्रैश, आग की लपटों में तब्दील हुआ प्लेन।
अब तक 82 फर्जी बाबा गिरफ्तार, अन्य राज्यों से थे 23 आरोपी
इस विशेष अभियान में अब तक कुल 82 फर्जी बाबाओं की गिरफ्तारी हो चुकी है। हरियाणा, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा और राजस्थान जैसे राज्यों से आए 23 आरोपी देवभूमि में आकर धर्म की आड़ में लोगों को धोखा दे रहे थे। इनमें शामिल प्रमुख नाम हैं:
- राजेन्द्र गिरी (फरीदाबाद)
- धीरज शर्मा (हरियाणा)
- बलविंदर (पंजाब)
- राम भल्लर (गोंडा)
- राहुल जोशी (बिजनौर)
- राजू बाबा (इलाहाबाद)
- देव गौड़ (उड़ीसा)
- राजू (अजमेर)
एसएसपी देहरादून ने कहा कि धर्म के नाम पर आस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में ऐसे ढोंगी बाबाओं की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री धामी बोले: अब मेरिट ही बनेगी उत्तराखंड में सरकारी नौकरी का आधार।
इन सभी आरोपियों पर ठगी, धोखाधड़ी, और IPC की धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।