81.57 करोड़ रुपये की लागत से मलिन बस्तियों को प्राथमिकता, घर के पास ही मिलेंगी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं
शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने शहरी क्षेत्रों में आमजन को स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य के 13 नगर निकाय क्षेत्रों में पहले चरण में 117 शहरी स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र (Urban Health & Wellness Centres) खोले जाएंगे। इनकी स्थापना 81.57 करोड़ रुपये की लागत से की जाएगी, जो कि 15वें वित्त आयोग से प्राप्त होगी।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड सरकार ने खनन से पहली बार कमाए 1100 करोड़ रुपये, विभाग ने रचा नया इतिहास।
मलिन बस्तियों को मिलेगी प्राथमिकता
शहरी विकास सचिव नितेश कुमार झा ने जानकारी दी कि इन केंद्रों की स्थापना में शहरी मलिन बस्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि वहां के निवासियों को भी उनके घर के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। यह केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की तर्ज पर संचालित किए जाएंगे।
संचालन के लिए कंपनी का चयन
इन शहरी स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्रों की स्थापना, अनुरक्षण और संचालन के लिए ब्रेथवेट एंड कंपनी लिमिटेड को नामित किया गया है। प्रयास किया जा रहा है कि ये केंद्र जल्द से जल्द कार्यरत हो जाएं। इसके सफल संचालन के बाद इसे अन्य निकाय क्षेत्रों में भी विस्तार देने की योजना है।
शहरी आबादी में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में शहरी स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र इस दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इन केंद्रों में चिकित्सा सलाह, स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु सेवाएं और अन्य प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पहले चरण की सफलता के आधार पर यह योजना अन्य नगर निकाय क्षेत्रों में भी विस्तारित की जाएगी, जिससे राज्य भर के शहरी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इसे भी पढ़ें: Covid-19: देहरादून में कोरोना के नए मामलों से हड़कंप, मुंबई से आए युवक में संक्रमण की पुष्टि।
इन नगर निकायों में होंगे केंद्र स्थापित
नगर निकाय |
प्रस्तावित केंद्रों की संख्या |
देहरादून | 34 |
हरिद्वार | 27 |
नैनीताल | 16 |
पौड़ी | 5 |
अल्मोड़ा | 2 |
पिथौरागढ़ | 2 |
टिहरी | 2 |
उत्तरकाशी | 2 |
बागेश्वर | 1 |
चंपावत | 1 |
चमोली | 1 |
रुद्रप्रयाग | 1 |