टनकपुर में श्रद्धालुओं के प्रथम दल का हुआ भव्य स्वागत; छोलिया नृत्य, आरती और पुष्पवर्षा के साथ शुरू हुई देवभूमि से पावन यात्रा
चम्पावत: देवभूमि उत्तराखंड के टनकपुर में कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025 की आधिकारिक शुरुआत हो गई है। पर्यटन आवास गृह, टनकपुर में श्रद्धालुओं के प्रथम दल का पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकसंस्कृति के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। “बम-बम भोले” के जयघोष और ढोल-दमऊ की गूंज ने वातावरण को शिवमय बना दिया।
प्रथम दल में कुल 45 यात्री शामिल हैं, जिनमें 32 पुरुष और 13 महिलाएं विभिन्न राज्यों से पहुंचे हैं। इन श्रद्धालुओं का स्वागत छोलिया नृत्य, आरती, तिलक, पुष्पवर्षा और फूलमालाओं के साथ किया गया। इस आयोजन ने उत्तराखंड की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की धान की रोपाई: किसानों के परिश्रम और उत्तराखंड की संस्कृति को किया नमन।
6 वर्षों के बाद यात्रा का पुनः शुभारंभ
गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी के कारण वर्ष 2019 से कैलाश मानसरोवर यात्रा स्थगित कर दी गई थी। लगभग 6 वर्षों बाद इस पुण्य यात्रा का पुनः आरंभ होना श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत हर्ष और श्रद्धा का विषय है। यह यात्रा हिमालय की गोद में स्थित भगवान शिव के पावन धाम कैलाश पर्वत की ओर ले जाती है, जो हजारों वर्षों से आस्था का केंद्र रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज करेंगे प्रथम दल को रवाना
यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी 5 जुलाई 2025 को श्रद्धालुओं के प्रथम दल को विधिवत रूप से रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री की उपस्थिति से यह कार्यक्रम और भी अधिक गरिमामय हो जाएगा।
इस भव्य आयोजन में कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रबंध निदेशक केएमवीएन श्री विनीत तोमर, जिलाधिकारी चंपावत श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, उपजिलाधिकारी टनकपुर श्री आकाश जोशी, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पंचायत बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, और मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय प्रभारी केदार सिंह बृजवाल शामिल रहे।