गुरुपूर्णिमा पर कैंचीधाम में हुआ मानवता और सेवा का अद्भुत संगम
नैनीताल/भवाली: विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम मंदिर में गुरु-पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक सूक्ष्म समारोह के दौरान मंदिर ट्रस्ट द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹2.5 करोड़ (ढाई करोड़ रुपये) की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। यह सहयोग प्रदेश में हालिया प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए किया गया। समारोह में ट्रस्ट की ओर से यह चेक जिले की मुख्य विकास अधिकारी अनामिका को सौंपा गया।
मुख्यमंत्री ने की सराहना, कैंचीधाम बाईपास के निर्माण को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट के इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आपदा पीड़ितों की मदद करना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने यह भी बताया कि कैंचीधाम में हर वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कैंचीधाम बाईपास मार्ग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिवृष्टि से प्रभावित देहरादून के रायपुर क्षेत्र का, विधायक उमेश शर्मा “काऊ” संग किया स्थलीय निरीक्षण।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से इस बाईपास के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है और अब इसका निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ किया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों व श्रद्धालुओं को यातायात जाम से राहत मिलेगी।
शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में कैंचीधाम ट्रस्ट की अहम भूमिका
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश बिंद्रा ने बताया कि ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में निरंतर सेवा दे रहा है। अब तक जहां हर वर्ष 3,000 बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाती थी, उसे बढ़ाकर 5,000 विद्यार्थियों तक किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से मंदिर ट्रस्ट शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार में पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। उन्होंने 15 जून को हुए स्थापना दिवस को सफलतापूर्वक आयोजित करवाने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार जताया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई योजनाएं क्रियान्वित
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कैंचीधाम क्षेत्र में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य न केवल श्रद्धालुओं के आवागमन को सरल बनाना है, बल्कि स्थानीय विकास को भी गति देना है।