मरीजों और तीमारदारों की सुविधाओं को प्राथमिकता, चिकित्सा सेवाओं की करी समीक्षा
देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार शाम को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वेटिंग एरिया (प्रतीक्षालय) का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ आए तीमारदारों को भी बेहतर वातावरण मिले। इसके लिए उन्होंने पेयजल, पंखे और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन और रंग-रोगन की व्यवस्थाओं को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल केवल चिकित्सा का स्थान नहीं है, बल्कि यह मरीजों और उनके परिजनों के मानसिक व शारीरिक संबल का भी केंद्र है।
इसे भी पढ़ें: खुशखबरी: परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि बढ़ी, अब मिलेंगे 1.5 करोड़ रुपये।
ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर की प्रक्रिया की सराहना
सीएम धामी ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर भी पहुंचे और वहां कार्यरत ऑपरेटर से सैंपल संग्रहण, रिकॉर्डिंग और लैब टेस्टिंग की जानकारी ली। उन्होंने प्रयोग में लाई जा रही तकनीक और संसाधनों की कार्यकुशलता की सराहना की और इसकी निगरानी जारी रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है।
सभी पात्र व्यक्तियों तक योजना का लाभ पहुंचाना जरूरी
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्थापित अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का भी जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों से योजना की कार्यप्रणाली, लाभार्थियों की सहायता, कार्ड बनाने की प्रक्रिया और क्लेम की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अटल आयुष्मान योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सरल और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसे भी पढ़ें: देहरादून नगर निगम वेतन घोटाला: लाडपुर, नेहरूग्राम, रायपुर, मोहकमपुर समेत 31 वार्डों में फर्जीवाड़ा, करोड़ों का लगाया चूना।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।