सिंचाई विभाग और परिवहन निगम में नियुक्तियां, राज्य आंदोलनकारियों को मिला विशेष सम्मान
मुख्यमंत्री ने नियुक्त अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं
देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में सिंचाई विभाग एवं उत्तराखंड परिवहन निगम में चयनित 187 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसमें 144 नियुक्तियां सिंचाई विभाग में एवं 43 नियुक्तियां परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे के तहत की गईं।
इस विशेष नियुक्ति कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी कोटे के तहत भी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली, जिसे मुख्यमंत्री ने गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के मूल स्वरूप को सम्मान देने के लिए सरकार सदैव प्रतिबद्ध है।
इसे भी पढ़ें: देहरादून में अवैध दवा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मारा छापा।
भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’, नियुक्तियों में पारदर्शिता
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य में अब कोई भी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “एक समय था जब उत्तराखंड में भर्तियों में धांधली और पक्षपात होता था, लेकिन अब पारदर्शिता और ईमानदारी से मेरिट के आधार पर नियुक्तियां की जा रही हैं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक कुल 193 दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को सरकारी सेवा में नियुक्त कर उनके परिवारों को संबल प्रदान किया है। यह निर्णय संवेदनशील प्रशासन का प्रतीक है।
23,000 से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि बीते साढ़े तीन वर्षों में राज्य सरकार ने 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। यह युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड परिवहन निगम ने वर्ष 2024 में 56 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ अर्जित किया है। यह सरकार की कार्यकुशलता और पारदर्शी व्यवस्था का परिणाम है।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड को केंद्र से ₹615 करोड़ की विशेष सहायता, पहली किश्त के रूप में ₹380.201 करोड़ जारी।
धामी ने कहा कि सिंचाई विभाग में नियुक्त युवा राज्य की सिंचाई परियोजनाओं को गति देंगे और खेतों तक जल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इससे राज्य के कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी।
मंत्री सतपाल महाराज और गणेश जोशी ने दी बधाई
कार्यक्रम में उपस्थित कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में रोजगार के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य हुआ है। वहीं, मंत्री गणेश जोशी ने इसे उत्तराखंड के भविष्य के लिए शुभ संकेत बताया। इस अवसर पर विधायक खजान दास, सविता कपूर, सचिव युगल किशोर पंत, अपर सचिव रीना जोशी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।