थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान दीपनगर की एक दुकान से आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज।
देहरादून: नेहरू कॉलोनी पुलिस ने एक बार फिर अवैध गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए गैस सिलेंडरों की गैर-कानूनी रिफिलिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के दीपनगर में छापेमारी के दौरान आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया, जब वह एक दुकान में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग कर रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप तिवाडी पुत्र जगन्नाथ तिवाडी निवासी पानी की टंकी दीपनगर थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड में राशन कार्ड धारकों को जून में तीन महीने का अग्रिम राशन एक साथ मिलेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना क्षेत्रों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध गैस रिफिलिंग जैसे खतरनाक कार्यों में संलिप्त लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में, थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने गुप्त सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए यह गिरफ्तारी की।
बरामदगी का विवरण
- 5 घरेलू गैस सिलेंडर
- 1 गैस पाइप
- 1 रेगुलेटर सहित रिफिलिंग मशीन
आरोपी के विरुद्ध मु.अ.सं. 180/25, धारा 287 भारतीय न्याय संहिता (BNS) व 3/4 आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। उत्तराखंड पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।