मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में किया रुद्राक्ष का पौधारोपण, ‘धरती माँ का ऋण चुकाओ’ थीम पर हुआ राज्यव्यापी अभियान
देहरादून: उत्तराखण्ड के पारंपरिक लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर आज मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज परिसर में राज्यव्यापी पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा रोपते हुए ‘हरेला का त्योहार मनाओ, धरती माँ का ऋण चुकाओ’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला सिर्फ एक पर्व नहीं बल्कि यह उत्तराखण्ड की संस्कृति, प्रकृति और चेतना से जुड़ा एक गहरा भाव है। यह पर्व हमें पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। इस वर्ष हरेला पर्व के मौके पर लगभग 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसे भी पढ़ें: दून पुलिस की सख्ती: नाबालिक लड़कियों को बहला-फुसलाकर भगाने वाले फरार अभियुक्त को किया गिरफ्तार।
फलदार पौधों को बढ़ावा, जनसहभागिता का आह्वान
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वन विभाग के प्रत्येक डिवीजन में 50% फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस महाअभियान में सरकार के साथ जनसहभागिता, स्वयंसेवी संगठन, विद्यार्थी, महिला समूह और पंचायतें सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण सिर्फ शुरुआत है, असली जिम्मेदारी पौधों की नियमित देखभाल की है। जब तक पौधे वृक्ष न बन जाएं, तब तक उनकी सेवा और सुरक्षा अनिवार्य है। उन्होंने उत्तराखण्ड की प्राकृतिक जैव विविधता की रक्षा को सभी नागरिकों का नैतिक कर्तव्य बताया।
देशभर में 108 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे अभियानों — ‘पंचामृत संकल्प’, ‘नेट ज़ीरो इमिशन’, ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (LiFE)’, और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ — का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष देशभर में 108 करोड़ पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण हेतु ‘स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA)’ का गठन किया है। इसके माध्यम से अब तक 6,500 से अधिक जल स्रोतों का संरक्षण और 3.12 मिलियन घन मीटर वर्षा जल का संचयन किया गया है। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध और वाहनों में कूड़ेदान अनिवार्य कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री धामी ने ली शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक: बालिका शिक्षा, स्मार्ट स्कूल और कौशल विकास पर विशेष फोकस।
“जीवन के विशेष अवसरों पर एक पौधा जरूर लगाएं” – मुख्यमंत्री का आह्वान
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से हर महत्वपूर्ण अवसर पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की, ताकि पर्यावरण संरक्षण एक जनांदोलन बने। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री गणेश जोशी, विधायक श्रीमती सविता कपूर, श्री खजान दास, देहरादून के मेयर श्री सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ एवं प्रमुख वन संरक्षक श्री समीर सिन्हा सहित कई अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।