मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री मोदी के नाम से की पहली पूजा, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में हुआ भव्य समारोह
उत्तरकाशी: अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उत्तराखण्ड के श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2025 का आधिकारिक शुभारंभ हो गया।
इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा कर यात्रा के सफल आयोजन, देश-प्रदेश की समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। विशेष बात यह रही कि सीएम धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में स्वयं उपस्थित होने वाले पहले मुख्यमंत्री बने।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखण्ड बनेगा ड्रोन और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का हब: सीएम धामी।
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, श्रद्धालुओं ने किया गंगा-यमुना में पुण्यस्नान
- गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।
- सुबह भैरव घाटी से मां गंगा की उत्सव डोली गंगोत्री धाम पहुंची और 10:30 बजे मंदिर के कपाट खोले गए।
- मां यमुना की डोली खरसाली से शनिदेव की अगुवाई में यमुनोत्री पहुंची, जहां 11:55 बजे कपाट खोले गए।
- देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योत के दर्शन किए और गंगा-यमुना में पुण्य स्नान कर पुण्य अर्जित किया।

धार्मिक परंपराओं और लोक आस्था का अनुपम संगम
मुख्यमंत्री ने दोनों धामों में विशेष पूजा-अर्चना कर मां गंगा एवं यमुना से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने वहां पहुंची लोक देवताओं की डोलियों से भी आशीष लिया और श्रद्धालुओं के बीच जाकर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा की:
उत्तराखण्ड के चारधाम न केवल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पावन हैं, बल्कि ये देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रतीक हैं। हमारी सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और स्मरणीय बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
इसे भी पढ़ें: चारधाम यात्रा के लिए मेडिकल टीम को हाई-एल्टीट्यूड ट्रेनिंग, स्वास्थ्य विभाग युद्धस्तर पर जुटा तैयारियों में।
यात्रा प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने बताया कि यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और संचार जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है। उन्होंने “ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा” के सफल आयोजन में जनता से सहयोग की अपील की।
धामों में प्रशासनिक और मंदिर समिति के प्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
- गंगोत्री धाम में उपस्थित गणमान्य: विधायक श्री सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति।
- यमुनोत्री धाम में मौजूद अधिकारी: मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, मंदिर समिति उपाध्यक्ष संजीव उनियाल एवं सचिव सुनील उनियाल।