केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री भी रहे मौजूद, दृष्टिबाधित बच्चों के बीच बिताए भावुक पल
देहरादून: भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज अपने 67वें जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान, देहरादून में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह अवसर न सिर्फ भावनात्मक था, बल्कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का भी प्रतीक बना।
बधाई गीत ने राष्ट्रपति को किया भावुक
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा प्रस्तुत एक सुंदर बधाई गीत से हुई, जिसने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। गीत की भावनात्मक प्रस्तुति से राष्ट्रपति मुर्मू इतनी प्रभावित हुईं कि वे स्वयं भी भावुक हो उठीं। यह दृश्य वहां मौजूद सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक और यादगार बन गया।
केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री श्री वीरेंद्र कुमार ने राष्ट्रपति को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा देशभर में चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार किस प्रकार से दृष्टिबाधित और अन्य दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में सुविधाएं बढ़ा रही है।
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और संस्थान के बच्चों की प्रशंसा की।