उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास की दिशा में बड़ा कदम, सेना के शौर्य और विकास योजनाओं पर भी बोले मुख्यमंत्री
देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज छावनी परिषद कार्यालय, गढ़ीकैंट में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए ₹12.51 करोड़ की लागत से निर्मित हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का विधिवत लोकार्पण किया। यह सामुदायिक भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और क्षेत्रीय सामाजिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंश कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन जनसेवा, राज्य और देहरादून के विकास के लिए समर्पित किया। यह भवन एम.डी.डी.ए. द्वारा निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ तैयार किया गया है।
इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड की महिलाओं को बड़ी सौगात: 20 मई के बाद आंगनबाड़ी के पदों पर चयनित महिलाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र।
कम्युनिटी हॉल बनेगा सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने एम.डी.डी.ए. को निर्देश दिए कि भवन संचालन हेतु SOP (Standard Operating Procedure) तैयार किया जाए, जिससे यह हॉल आम जनता को उचित दरों पर सरलता से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्रीय नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
देश की सेना के पराक्रम का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और रणनीतिक पराक्रम के चलते पाकिस्तान को घुटनों के बल आने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सेना की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई संभव हो सकी है।
राज्य में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के साथ-साथ युवाओं को रोजगार देने के मामले में राज्य ने रिकॉर्ड बनाए हैं। पिछले 3 वर्षों में 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्त किया गया है।
इसे भी पढ़ें: दूल्हा नशे में धुत: दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बिना दुल्हन के लौटी बारात।
देहरादून को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए ₹1400 करोड़ की लागत से विभिन्न परियोजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड, सौंग बांध परियोजना, और रिस्पना-बिंदाल नदी पर एलिवेटेड रोड शामिल हैं।
ये लोग रहे कार्यक्रम में मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, विधायक श्रीमती सविता कपूर, एम.डी.डी.ए उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी, ब्रिगेडियर श्री आर.एस. थापा, महानगर भाजपा अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी समेत अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।